73वें वन महोत्सव के अवसर पर आयोजित पौधा-रोपण कार्यक्रम में सम्मिलित हुए झारखंड विधानसभा अध्यक्ष श्री रबीन्द्रनाथ महतो एवं मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन।
विधानसभा अध्यक्ष श्री रबीन्द्र नाथ महतो एवं मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन आज झारखंड विधान सभा परिसर में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा आयोजित 73वां राज्यव्यापी वन महोत्सव, 2022 कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि जंगलों में आग लगने पर अविलम्ब उसकी सूचना आम व्यक्ति भी वन विभाग के पदाधिकारियों को दे सकें इस निमित्त विभाग टोल फ्री नंबर जारी करे। जंगलों में पेड़ कटाई से लेकर आग लगने तथा अन्य गतिविधियों की शिकायत लोग विभाग के पदाधिकारियों को कर सकें इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वन संरक्षण के लिए मैनुअली के साथ-साथ तकनीक का भी उपयोग करें। जल, जंगल, जमीन झारखंड वासियों का वजूद है। इनका संरक्षण हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। निश्चित रूप से यह कहा जा सकता है कि पेड़ है तभी जीवन है। उक्त बातें मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड विधान सभा परिसर में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा आयोजित 73वां राज्यव्यापी वन महोत्सव, 2022 कार्यक्रम में अपने संबोधन में कहीं।